
रामपुर। बरेली गेट से मजार मौलवी साहब तक जाने वाली मुख्य सड़क पर लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व स्वीकृत स्ट्रीट लाइट पोल एवं विद्युत कनेक्शन का कार्य अब तक पूरा न होने को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता फ़ैसल ख़ान लाला ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई (CM पोर्टल) पर शिकायत दर्ज कराई है।
फ़ैसल ख़ान लाला ने शिकायत में बताया कि नगर पालिका परिषद रामपुर द्वारा उक्त मार्ग पर 32 स्ट्रीट लाइट पोल एवं लाइटें लगाने का टेंडर लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व पास किया गया था। इनमें से करीब 12 पोल स्थापित किए गए, जबकि शेष 20 पोल आज तक नहीं लगाए गए हैं। वहीं स्थापित किए गए 12 पोलों पर भी विद्युत कनेक्शन नहीं किया गया है, जिसके कारण मुख्य मार्ग का बड़ा हिस्सा रात के समय अंधकारमय रहता है। उन्होंने कहा कि शेष पोलों की स्थापना के लिए किए गए गड्ढे लंबे समय से खुले पड़े हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है। शिकायत के अनुसार इन गड्ढों के कारण कई लोग दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं।
फ़ैसल ख़ान लाला ने कहा कि उन्हें इस बात का विशेष अफसोस है कि रामपुर नगर पालिका परिषद में आम आदमी पार्टी का ही चेयरमैन है, इसके बावजूद डेढ़ वर्ष से एक जनहित का कार्य अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का जनप्रतिनिधि होने के नाते नगर पालिका के विकास कार्यों और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं के प्रति जवाबदेही भी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जवाबदेही केवल संबंधित ठेकेदार की ही नहीं, बल्कि नगर पालिका स्तर पर कार्य की निगरानी और समयबद्ध तरीके से उसे पूरा कराने की जिम्मेदारी रखने वाले अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की भी तय होनी चाहिए। किसी भी पार्टी का जनप्रतिनिधि हो, जनता के काम में लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
फ़ैसल ख़ान लाला ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, शेष 20 स्ट्रीट लाइट पोल तत्काल लगाए जाएं, सभी स्थापित पोलों पर विद्युत कनेक्शन कराया जाए तथा कार्य में हुई देरी के लिए संबंधित ठेकेदार, अधिकारियों और जिम्मेदार स्तर पर जवाबदेही तय की जाए।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों पर अपनी ही पार्टी के जनप्रतिनिधि से भी जवाबदेही मांगने से पीछे नहीं हटेगी। जनहित सर्वोपरि है और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा से जुड़े इस कार्य को अब और लंबित नहीं रखा जाना चाहिए।
