मुज़फ्फरनगर। “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के अंतर्गत बुधवार, 30 सितंबर 2026 को पीआर पब्लिक स्कूल, मुज़फ्फरनगर में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए “स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं जिला गंगा समिति अध्यक्ष उमेश मिश्रा तथा मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में और प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग/सचिव जिला गंगा समिति अभिनव राज के मार्गदर्शन में किया गया।

जिला गंगा समिति के सदस्य डॉ राजीव कुमार द्वारा विद्यार्थियों के बीच स्वच्छता एवं जागरूकता विषय पर क्विज प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सफल प्रतिभागियों हर्ष, आर्या कौशिक, अनुष्का पाल, चेतन्य गुप्ता एवं आर्यन को उपहार देकर सम्मानित किया गया, जबकि प्रतियोगिता में शामिल अन्य प्रतिभागियों को कैप देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इसके साथ ही आयोजित “स्वच्छ पाठशाला” में विद्यार्थियों से स्वच्छता एवं जल संरक्षण विषय पर सीधा संवाद किया गया। इस दौरान स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, जल की बर्बादी रोकने तथा आसपास के वातावरण को साफ रखने की आवश्यकता पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम के दौरान छात्रा कनक ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं अन्य लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। युवाओं और विद्यार्थियों ने “स्वच्छ-स्वस्थ रखें हिंदुस्तान” का संदेश देते हुए स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी हर्ष कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में पीआर पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल अनघ सिंघल एवं स्कूल स्टाफ का भी विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के समापन पर समिति सदस्य डॉ राजीव कुमार ने स्कूल प्रबंधन एवं स्टाफ के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा प्रिंसिपल अनघ सिंघल को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी बने, तभी स्वच्छ भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिल सकेगी।

2 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed