दुकान का ताला तोड़कर 20 लाख की साड़ियां ले जाने का आरोप


किरायेदार रियाजुद्दीन ने अशोक यादव के खिलाफ कैंट थाने में दी तहरीर, धमकी देने का भी लगाया आरोप

वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित बनारसी सिल्क साड़ी की दुकान का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये कीमत की साड़ियां ले जाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में दुकान संचालक रियाजुद्दीन ने अशोक यादव के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रियाजुद्दीन के मुताबिक उन्होंने नदेसर स्थित दुकान को डॉ. अनन्त नारायण सिंह के अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से तीन वर्ष के लिए किराये पर लिया है। किरायेदारी का दस्तावेज 9 सितंबर 2025 को सब रजिस्ट्रार कार्यालय प्रथम, वाराणसी में पंजीकृत होने की बात तहरीर में कही गई है। उन्होंने बताया कि दुकान में बनारसी सिल्क साड़ी का कारोबार किया जाता है तथा दुकान के डेकोरेशन और फर्नीचर पर करीब 90 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 29 सितंबर की रात दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखी करीब 20 लाख रुपये मूल्य की साड़ियां निकाल ली गईं। सुबह जानकारी मिलने पर रियाजुद्दीन दुकान पर पहुंचे तो आरोप है कि अशोक यादव भी मौके पर आए और दुकान पर अपना अधिकार जताने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करने तथा दुकान खाली करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
रियाजुद्दीन ने पुलिस से कथित रूप से ले जाई गई साड़ियों की बरामदगी कराने और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और पुष्टि होना अभी बाकी है।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *