रिपोर्ट-लालमन

हरदोई। उत्तर प्रदेश के जनपद हरदोई की तहसील हरदोई, थाना टड़ियावां क्षेत्र की ग्राम सभा दिव्या फतेहपुर, जो गोमती नदी के किनारे बसी हुई है, में नदी का जलस्तर इस समय खतरे के निशान से नीचे बताया जा रहा है। हालांकि, नदी का पानी बढ़ने के कारण क्षेत्र के किसानों की फसलें डूबकर नष्ट हो गई हैं।

फसल बर्बाद होने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसानों का कहना है कि उनके पास अगली फसल की बुवाई के लिए भी पर्याप्त संसाधन और गुंजाइश नहीं बची है। किसानों के अनुसार, पिछले वर्ष भी इसी तरह उनकी फसलें बर्बाद हुई थीं। उस समय लेखपाल और कानूनगो द्वारा मौके पर पहुंचकर फसलों का सर्वे किया गया था, लेकिन किसानों का आरोप है कि सर्वे के बाद भी उन्हें मुआवजा नहीं मिल सका।

इस वर्ष भी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर फसल नुकसान का जायजा लिया गया है। किसानों को उम्मीद है कि इस बार सर्वे के बाद उन्हें राहत राशि मिल सकेगी। किसानों का कहना है कि हर वर्ष सर्वे तो किया जाता है, लेकिन मुआवजे के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ता है।

किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि गोमती नदी में डूबकर नष्ट हुई फसलों का शीघ्र उचित सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत एवं मुआवजा दिलाया जाए, ताकि आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों को कुछ राहत मिल सके।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *