
बेहजम खीरी। फरधान थाना क्षेत्र के विकासखंड बेहजम अंतर्गत ग्राम लखनापुर स्थित बालाजी मंदिर परिसर में चोरी की घटना सामने आई है। पर्यटन विभाग द्वारा तीर्थ स्थल परिसर में लगाई गई सोलर लाइटों में से एक सोलर लाइट को अज्ञात चोर रात के समय चोरी कर ले गए।
सुबह मंदिर परिसर में सोलर लाइट गायब मिलने पर मंदिर के पुजारी ने तत्काल पुलिस चौकी लीलाकुआं को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही चोरी की घटना से जुड़े संभावित सुराग तलाशे जा रहे हैं। मंदिर परिसर से सोलर लाइट चोरी होने की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
फिलहाल अज्ञात चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना का जल्द खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
