
सिंगाही-खीरी (एम डी न्यूज़)। थाना सिंगाही क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मसुरहा से एक दिल दहला देने वाली और किसानों की चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है, जहां रात के अंधेरे में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक किसान की लहलहाती केले की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। दबंगों की इस करतूत से किसान को लाखों रुपये की क्षति पहुंची है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मसुरहा निवासी किसान सियाराम पुत्र छेदी ने अपने खेत में बड़े परिश्रम और लागत से केले की फसल तैयार की थी। फसल पूरी तरह तैयार थी, लेकिन बीती रात किन्हीं अज्ञात शरारती तत्वों ने अंधेरे का फायदा उठाकर खेत में घुसकर खड़े पेड़ों में लगी केले की घौदों को काट-छांटकर पूरी तरह नष्ट कर दिया।
सुबह जब किसान अपने खेत पर पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। खेत में चारों तरफ कटे और बर्बाद हुए केले बिखरे पड़े थे। पीड़ित किसान के अनुसार, इस कायराना हरकत से उनका लगभग 30 से 35 क्विंटल केला पूरी तरह नष्ट हो गया है।
लागत भी निकालना हुआ मुश्किल, ऊपर से दोहरा झटका
गौरतलब है कि मौजूदा समय में केले की खेती में खाद, बीज, सिंचाई और देखरेख में काफी मोटी लागत आती है। इसके बावजूद बाजार में किसानों को केले का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे किसान पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। ऐसे संकट के दौर में अज्ञात हमलावरों द्वारा फसल को इस तरह नुकसान पहुंचाए जाने से पीड़ित किसान की कमर पूरी तरह टूट गई है।
