पुलिस लाइन में महापुरुषों को श्रद्धांजलि, उत्कृष्ट सेवा के लिए दो मुख्य आरक्षी सम्मानित

बस्ती। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री मानसी दहिया तथा अपर राज्य रेडियो अधिकारी, परिक्षेत्र बस्ती मोहन लाल की मौजूदगी में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने तथा सत्य, अहिंसा, सद्भाव, भाईचारे, परिश्रम और सन्मार्ग के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सुरक्षा के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी सत्य, अहिंसा और सन्मार्ग के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

उत्कृष्ट सेवा के लिए दो मुख्य आरक्षी सम्मानित

समारोह में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार के उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित मु0आ0 प्रमोद कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी हरैया कार्यालय तथा मु0आ0 ऋषिकेश मणि त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी कलवारी कार्यालय को पदक-चिह्न लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने दोनों सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा इसी तरह कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके अलावा कार्यक्रम में नौ अनुचरों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में प्रतिसार निरीक्षक बस्ती समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *