रिपोर्ट-इमरान मलिक(एमडी ब्यूरो प्रयागराज मण्डल)

हाथरस। थाना सादाबाद क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर में शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो की धारदार एवं नुकीले हथियारों से हत्या के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी गौरव सिकरवार को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के दौरान मकान की अलमारी और बक्सों को खंगालकर आभूषण, नकदी और घड़ी भी लूट ली गई थी। घटना के संबंध में मृतक के भाई शेर मोहम्मद की तहरीर पर 27 सितंबर को थाना सादाबाद में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस समेत सात टीमों का गठन किया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों, संदिग्धों की गतिविधियों और घटनास्थल तक आने-जाने वाले संभावित रास्तों की जांच की। पुलिस ने 30 सितंबर को कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पूछताछ के दौरान मुख्य सूत्रधार के रूप में गौरव सिकरवार समेत एक अन्य आरोपी का नाम प्रकाश में आया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी हाथरस द्वारा 30 सितंबर को 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी क्रम में 2 अक्टूबर को एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के सरौठ बम्बा से 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी गौरव सिकरवार पुत्र लाल सिंह सिकरवार निवासी चौपाल गली, नई बस्ती, थाना सिकंदरा, जनपद आगरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद थाना सादाबाद पुलिस द्वारा उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

11 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *