MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
मुज़फ्फरनगर
मुज़फ्फरनगर। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर 2026 को जिला महिला चिकित्सालय, मुज़फ्फरनगर में “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के अंतर्गत भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के साथ स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सम्मान देना रहा।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. मुरली भास्कर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका तथा डॉ. राजीव कुमार की प्रमुख भूमिका रही।

कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इस अवसर पर वर्ष 2026 की थीम “स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों एवं स्वच्छता नायकों को सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि स्वच्छता कर्मी स्वच्छ और समृद्ध भारत की महत्वपूर्ण पहचान हैं तथा उनके योगदान को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है।
इस दौरान डॉ. राजीव कुमार द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्टाफ को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने अस्पताल परिसर सहित अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने, स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने और स्वच्छ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

जिला महिला चिकित्सालय के स्वच्छ एवं हरित परिसर के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर के प्रयासों की सराहना की गई। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित क्लीनिंग एवं गार्डनिंग स्टाफ सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मैट्रन रीमा रानी, आईसीएन रिंका एवं एचडीएम सबा रानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अस्पताल के क्लीनिंग एवं गार्डनिंग स्टाफ तथा अन्य कर्मचारियों की सहभागिता से कार्यक्रम को सफल बनाया गया।

स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के माध्यम से जिला महिला चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता, हरियाली और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि स्वच्छता कर्मियों के सम्मान और समाज की सक्रिय सहभागिता से ही “स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के संकल्प को मजबूती मिल सकती है।
