स्टीमर से बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक बब्बू भैया, घायल ग्रामीण को अस्पताल भिजवाया

रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं

अधिकारियों को दिए फसल व मकान क्षति के सर्वे के निर्देश, शीघ्र मुआवजा दिलाने को कहा

दातागंज-बदायूं। क्षेत्रीय भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) ने विकासखंड म्याऊं एवं दातागंज के बाढ़ प्रभावित ग्राम नवादा बदन, गढ़िया पैगम्बरपुर सहित आसपास के गांवों का उपजिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ स्टीमर से निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

भ्रमण के दौरान ग्राम नवादा बदन में छुट्टा पशु के हमले से गंभीर रूप से घायल पांडु सैनी की जानकारी विधायक को मिली। उन्होंने तत्काल स्टीमर की व्यवस्था कर घायल ग्रामीण को सुरक्षित बाहर निकलवाया और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयां और खाद्य सामग्री तत्काल उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने फसल क्षति का सर्वे कर किसानों को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा दिलाने तथा क्षतिग्रस्त मकानों का आकलन कर प्रभावित परिवारों को आवश्यक आवासीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में शासन-प्रशासन के साथ वह क्षेत्रवासियों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी और जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जाएगी।इस दौरान उपजिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed