
सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की पेंशन व स्वास्थ्य समस्याओं पर मंथन
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, शाखा सारनाथ का वार्षिक अधिवेशन रविवार को सारनाथ स्थित होटल अनंत इन में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि भारत पेंशनर्स समाज के कार्यकारी अध्यक्ष अमिय रमण ने दीप प्रज्ज्वलित कर अधिवेशन का शुभारंभ किया।
अधिवेशन में पूर्वोत्तर रेलवे के सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें पेंशन संबंधी समस्याओं के निस्तारण, स्वास्थ्य सेवाओं (REHS/Medical Card) को सरल बनाने, पेंशनभोगियों के कल्याण तथा एसोसिएशन के संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान एसोसिएशन की विगत वर्ष की गतिविधियों एवं आय-व्यय की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। अधिवेशन में एसोसिएशन के प्रांतीय एवं स्थानीय पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों ने सहभागिता की।
अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद ने मुख्यालय एवं मंडल से आए मुन्नी लाल, भानू प्रकाश, देवेंद्र मणि त्रिपाठी, मिथिलेश सिंह, दीपक श्रीवास्तव, असित कुमार मुखर्जी, अशोक कुमार पाठक, राम निवास, राजीव जायसवाल, अशोक कुमार श्रीवास्तव सहित उपस्थित सभी सेवानिवृत्त रेल कर्मियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन रत्ना राकेश रंजन ने किया।
