हाथरस से इमरान मलिक की खबर
एम डी न्यूज़
हाथरस। मेला श्री दाऊजी महाराज के अवसर पर मंगलमुखियों द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री दाऊजी महाराज मंदिर में 11 किलो का पीतल का घंटा चढ़ाया गया। इस दौरान मंगलमुखियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ नगर कीर्तन करते हुए नाचते-गाते पूरे बाजार में भ्रमण किया और मेला परिसर पहुंचकर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ पीतल का घंटा लगवाया।
इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने मंगलमुखियों के साथ घंटी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्री दाऊजी महाराज एवं रेवती मैया से जनपदवासियों पर सदैव अपनी कृपा बनाए रखने और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। आगरा से आईं सरदार गुरु रेखा, गुरु उषा और गुरु पायल के संचालन में मंगलमुखियों ने धार्मिक परंपरा के अनुसार मंदिर में घंटा अर्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान अंजलि, नैना, गुरु मैनका, गुरु काजल, गुरु नीरू, गुरु राखी, गुरु नितिन सहित बड़ी संख्या में मंगलमुखी मौजूद रहीं। घंटा चढ़ाने के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा और श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया।

