महराजगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत थाना कोठीभार पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने सोमवार को थाना क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान शिव कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं को महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों के साथ-साथ साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान म0उ0नि0 नेहा कुमारी, कांस्टेबल सुमित यादव, महिला कांस्टेबल मधु एवं महिला कांस्टेबल मानसी वर्मा ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर ठगी या अन्य आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस की सहायता लेनी चाहिए।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने 1098, 1090, 112, 102, 108 और साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग की जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर इन नंबरों के माध्यम से संबंधित सहायता प्राप्त की जा सकती है।इसके साथ ही छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में भी समझाया गया। पुलिस टीम ने बताया कि बच्चों और किशोरियों को अपने शरीर की सुरक्षा को लेकर जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी अनुचित व्यवहार या असहज स्थिति की जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को तत्काल देनी चाहिए।

साइबर अपराध से सावधान रहने की अपील

मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी सचेत किया। पुलिस ने अनजान व्यक्तियों से फोन पर बातचीत करते समय सावधानी बरतने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।

महिला कल्याणकारी योजनाओं की भी दी जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं एवं महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वयं सहायता समूह तथा महिला समृद्धि योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया गया।पुलिस टीम ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास की अन्य महिलाओं एवं बालिकाओं को भी सुरक्षा, साइबर अपराध और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करें। थाना कोठीभार पुलिस का यह अभियान क्षेत्र में महिला सुरक्षा और जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में निरंतर जारी रहने की बात कही गई।

8 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *