रिपोर्ट-मुनेश कुमार
(बदायूं)सहसवान -: एटीएम से नकदी निकालने की कोशिश नाकाम हुई तो आरोपी ने मशीन को ही निशाना बना लिया। पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया और मौके से निकलकर औजार झाड़ियों में छिपा दिए। लेकिन पुलिस की जांच में करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पूरा मामला सामने आ गया। सहसवान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला 26 सितंबर का है। सहसवान स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के बाहर लगे एटीएम में एक व्यक्ति ने चोरी की कोशिश की थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने मामले की जांच के लिए दो पुलिस टीमें गठित कीं। इसके बाद टीमों ने एटीएम के आसपास के साथ-साथ रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

लगातार जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा। करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद उपनिरीक्षक शिवानी सिंह ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर 4 अक्टूबर की देर रात नाधा रोड तिराहे से आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी विक्रम भारती पुत्र मेघनाथ, निवासी मोहल्ला मिर्धा टोला, सहसवान है। उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई तो उसमें एटीएम से छेड़छाड़ में इस्तेमाल किए जाने वाले कई औजार मिले। इनमें प्लास, पेचकस, टेस्टर, छैनी, तार कटर और हथौड़ी शामिल हैं। पुलिस को आरोपी के पास से पीएनबी बैंक का एटीएम कार्ड भी मिला।
नकदी नहीं मिली तो मशीन तोड़ने पर उतर आया
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर की सुबह उसके पिता ने उसे मारा था, जिससे उसके दाहिने पैर में चोट लग गई थी। वह दिल्ली जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसने एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने की कोशिश की।
जब एटीएम से रुपये नहीं निकले तो उसने मशीन को तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। इसी बीच आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी तो आरोपी वहां से निकल गया और अपने साथ लाए औजारों को झाड़ियों में छिपा दिया।
बाद में आरोपी उन्हीं औजारों को लेकर बाहर जाने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि यदि घटना के समय कोई व्यक्ति उसका विरोध करता तो वह अपने पास मौजूद औजारों से उस पर हमला कर सकता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
