एमडी न्यूज राष्ट्रीय शिकायत निवारण अधिकारी – अजीत यादव

गोण्डा- जनपद में प्रस्तावित नहरों की सिल्ट सफाई/स्क्रैपिंग कार्य को लेकर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की नहरों में प्रस्तावित सिल्ट सफाई एवं स्क्रैपिंग कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा कार्यों के सत्यापन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व संबंधित स्थल की फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से तैयार कर सुरक्षित रखी जाएं तथा कार्य पूर्ण होने के उपरांत उसी स्थल की फोटोग्राफ लेकर बैठक में प्रस्तुत की जाएं। उन्होंने कहा कि कार्य प्रारम्भ होने से पहले एवं कार्य पूर्ण होने के बाद की फोटोग्राफ के माध्यम से कार्य की वास्तविक प्रगति एवं गुणवत्ता का स्पष्ट आकलन किया जा सकेगा।


जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कराए जाने वाले सभी सिल्ट सफाई कार्यों के सत्यापन के लिए नोडल अधिकारियों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए। नामित नोडल अधिकारी संबंधित नहरों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि सिल्ट सफाई/स्क्रैपिंग कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराया जा रहा है। निरीक्षण के उपरांत नोडल अधिकारियों द्वारा स्थलीय फोटोग्राफ सहित विस्तृत सत्यापन रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि नहरों की समुचित सफाई से सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, एक्सईएन सरयू नहर खण्ड-4 दुर्गेश गर्ग, एक्सईएन सरयू नहर खण्ड-1 एवं 3 सतीश कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *