बारूद के अवैध भंडारण पर एसपी की बड़ी कार्रवाई, थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
आबादी के बीच पटाखों के बारूद का कथित अवैध भंडारण मिलने से मचा हड़कंप, गोपनीय जांच के बाद एसपी ने दिखाई सख्ती
फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र में आबादी के बीच आतिशबाजी के लिए बारूद के कथित अवैध भंडारण के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर शाम हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ने ललौली थाना प्रभारी प्रमोद राव और बहुआ पुलिस चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक को ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे में आबादी के बीच दो स्थानों पर आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाले बारूद के अवैध भंडारण की गोपनीय सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने गोपनीय स्तर पर जांच कराई। जांच के दौरान बहुआ कस्बे में अंकित गुप्ता और अभिलाष चौरसिया के यहां दशहरा व दीपावली पर्व से पहले आतिशबाजी का भंडारण किए जाने की जानकारी सामने आई।आबादी में बारूद का भंडारण सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में खलबली मची है।कानून व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त संदेशपुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की कार्रवाई को कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने के सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। आबादी के बीच बारूद या विस्फोटक सामग्री का भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में पुलिस की निगरानी और स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।एसपी की अचानक कार्रवाई से अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप है। माना जा रहा है कि मामले में आगे भी विभागीय स्तर पर जांच और अन्य कार्रवाई हो सकती है।

