
हाथरस से इमरान मलिक की खबर
एम डी न्यूज़
हाथरस। 115वें लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज का भव्य समापन समारोह मंगलवार को मेला पंडाल में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, सीडीओ पी.एन. दीक्षित सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान रामचंद्र कन्या इंटर कॉलेज, हरचरनदास गर्ल्स इंटर कॉलेज और सुर्जोबाई गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत, लोकनृत्य, पंजाबी गीत-भंगड़ा एवं ब्रज गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की प्रस्तुतियों पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि दाऊजी महाराज का ऐतिहासिक मेला हाथरस की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों, आयोजकों, कलाकारों, व्यापारियों, सफाईकर्मियों, पत्रकारों एवं आमजन का आभार जताया। जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर एवं सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने भी मेले को राजकीय स्वरूप मिलने तथा बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों ने मेले की भव्यता बढ़ाने के साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत किया।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि मेले की सफलता जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, विभिन्न विभागों, आयोजकों, कलाकारों, मीडिया, सफाई कर्मचारियों और आमजन के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मेले की व्यवस्थाओं में सामने आई कमियों का दस्तावेजीकरण कर आगामी वर्षों में सुधार किया जाएगा और दाऊजी महाराज मेले को हाथरस की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के रूप में संरक्षित एवं प्रचारित किया जाएगा। समापन समारोह में मेले के आयोजन में योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, संयोजकों, मीडिया बंधुओं, एंकर एवं अन्य सहयोगियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
