
मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें, पात्र युवा आवेदन करें
बदायूँ: 06 अक्टूबर।
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
बदायूं ,जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने जनपदवासियों से अपील की है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए मतदाता सूची के निरंतर पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न देना है।जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा ऐसे युवा जो शीघ्र ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले हैं, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके साथ ही ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल होने के साथ ही नागरिकों को अपने नाम, पते अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसे संशोधित कराने का अवसर भी उपलब्ध है।जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल होने के साथ ही कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए, इसके लिए संबंधित विभागों के सहयोग से अभियान चलाया जाएगा। उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा विभाग, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास, युवा कल्याण सहित संबंधित विभागों का सहयोग लिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवाओं एवं नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ा जा सके।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि यदि उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है तो वे निरंतर पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग के ईसीआईएनईटी, मोबाइल एप वोटर हेल्पलाइन एवं वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर मतदाता सूची में नाम खोजने तथा मतदाता संबंधी विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।
