MD NEWS बहुआयामी समाचार

फतेहपुर,जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार की अध्यक्षता में विद्यार्थी चौराहा स्थित निजी आर.के. हॉस्पिटल में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों के लिए जागरूकता एवं पोषण आहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हॉस्पिटल संचालक डॉ. रवि आनंद ने पांच टीबी मरीजों को पोषण आहार वितरित किया। उनके सेवा कार्य के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ओपीडी में आए मरीजों को टीबी के लक्षणों और बचाव के प्रति जागरूक किया गया। बताया गया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, बलगम अथवा बलगम में खून आना, सीने में दर्द, वजन कम होना, भूख न लगना तथा गर्दन में गिल्टी या गांठ जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर बलगम की जांच करानी चाहिए।

जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जांच में टीबी की पुष्टि होने पर सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से निःशुल्क उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान पोषण आहार के लिए प्रतिमाह ₹1,000 की सहायता दी जाती है।
एसटीएस अजीत सिंह एवं पीपीएम राकेश कुमार ने बताया कि निक्षय पोषण योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अब फेस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है। सत्यापन के बाद निर्धारित धनराशि लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है।
कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन के लिए जनसहयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा गया कि सामूहिक प्रयासों से “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

1 view

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *