
बैंक ऑफ बड़ौदा की विशेश्वरगंज और संकटमोचन शाखाओं के नए परिसर का उद्घाटन
वाराणसी। बैंक ऑफ बड़ौदा, वाराणसी क्षेत्र की विशेश्वरगंज एवं संकटमोचन शाखाओं के नए परिसर का उद्घाटन बुधवार को महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, वाराणसी अंचल मिथिलेश कुमार एवं उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख, वाराणसी क्षेत्र भारत भूषण ने किया।
इस अवसर पर मिथिलेश कुमार ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा हमेशा ग्राहक सेवा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। विशेश्वरगंज एवं संकटमोचन क्षेत्र में बढ़ती बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए एवं विस्तारित परिसर की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि दोनों शाखाएं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ग्राहकों को डिजिटल एवं व्यक्तिगत बैंकिंग का बेहतर अनुभव प्रदान करेंगी।
नए परिसर में ग्राहकों की सुविधा के लिए विस्तृत बैंकिंग हॉल, डिजिटल कियोस्क, एटीएम, महिला एवं दिव्यांगजन के लिए विशेष सहायता डेस्क तथा आरामदायक प्रतीक्षा क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यक्रम में उप क्षेत्रीय प्रमुख आनंद लखमानी, सहायक महाप्रबंधक सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान संकटमोचन मंदिर के महंत विश्वंभर नाथ मिश्र समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्राहक एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
