रिपोर्टर कृष्णा प्रजापति रिपोर्ट
एम डी न्यूज़ बहुआयामी समाचार
फतेहाबाद। आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में बाबा की तिबारियां गांव के पास बुधवार को सड़क किनारे एक वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव पड़ा देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय देवी सिंह निवासी बीचपतपुरा, जवाहरपुर गांव के रूप में हुई है। बताया गया है कि देवी सिंह पिछले करीब चार वर्षों से गांव के जनवेद के नलकूप पर रहकर खेती-बाड़ी का काम देखते थे।

बुधवार दोपहर ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बाबा की तिबारियां के पास सड़क किनारे देवी सिंह का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया। शव की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वृद्ध की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
