
आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्ति कराने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में विजिलेंस की प्रयागराज सेक्टर टीम ने गुरुवार को कार्रवाई की। टीम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री रीना देवी को 15 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोप है कि रोशनी कुमारी की आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नियुक्ति कराने के नाम पर रीना देवी ने 35 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने 7 अक्टूबर को विजिलेंस के एसपी से शिकायत की थी।
गोपनीय सत्यापन के बाद विजिलेंस ने ट्रैप की योजना बनाई। पूरी रकम देने में असमर्थता जताने पर आरोपी 15 हजार रुपये की पहली किस्त लेने को तैयार हुई।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सिराथू के परिसर में ट्रैप कार्रवाई के दौरान रीना देवी को कथित रिश्वत लेते पकड़ लिया गया। विजिलेंस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई के लिए प्रयागराज ले गई।
