*फर्जी गेट पास से लकड़ी ले जा रहे दो ट्रक पकड़े, 1.36 लाख का जुर्माना।

मंडी शुल्क चोरी की सूचना पर तड़के कार्रवाई, ऑनलाइन जांच में सामने आया फर्जी अभिलेखों का मामला

रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं

सहसवान बदायूं , मंडी शुल्क की चोरी के खिलाफ कृषि उत्पादन मंडी समिति सहसवान ने कार्रवाई करते हुए यूकेलिप्टस लकड़ी से लदे दो ट्रकों को पकड़ लिया। जांच के दौरान दोनों वाहनों के मंडी गेट पास समेत लकड़ी परिवहन से संबंधित अभिलेख फर्जी और टेंपर्ड पाए जाने का दावा किया गया। कार्रवाई के बाद दोनों ट्रकों पर कुल 1,36,415 रुपये का जुर्माना लगाया गया।मंडी समिति के सचिव प्रभात यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामपुर के शाहाबाद स्थित शमी ट्रेडर्स फर्म से कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लकड़ी के वाहन निकाले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सचिव ने मंडी निरीक्षक करुणा शंकर को तत्काल वाहनों की जांच के निर्देश दिए।मंडी निरीक्षक करुणा शंकर ने लिपिक कैलाश चंद गुप्ता और अन्य कर्मचारियों के साथ बदायूं-मेरठ राज्य मार्ग पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान लकड़ी से लदे दो ट्रक टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। टीम ने पीछा कर दोनों ट्रकों को वन विभाग कार्यालय के पास पकड़ लिया।

पकड़े गए वाहनों में एचआर 58 यू 7656 और यूपी 24 सीटी 4294 शामिल हैं। मंडी टीम ने दोनों वाहनों के कागजात और मंडी समिति के गेट पास की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक दस्तावेजों में छेड़छाड़ और फर्जीवाड़ा सामने आया। ऑनलाइन सत्यापन के दौरान भी शमी ट्रेडर्स फर्म से जुड़े कई वाहनों के कथित फर्जी गेट पास और मंडी शुल्क/जीएसटी से संबंधित अनियमितताओं का रिकॉर्ड सामने आने की बात कही गई।मंडी अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में भी उक्त फर्म से संबंधित करीब 4.62 लाख रुपये की मंडी शुल्क चोरी के अभिलेख मंडी समिति शाहाबाद, रामपुर को भेजे जा चुके हैं।मामले की जानकारी मिलने के बाद मंडी समिति सचिव प्रभात यादव ने दोनों ट्रकों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 1,36,415 रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना जमा किए जाने के बाद दोनों वाहनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।सचिव प्रभात यादव ने कहा कि मंडी क्षेत्र में किसी भी कीमत पर मंडी शुल्क की चोरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संदिग्ध वाहनों और दस्तावेजों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

8 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed