तीन दिवसीय शिविर का समापन, टेंट निर्माण, गांठ बांधने और प्राथमिक उपचार का मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

महराजगंज। विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवाभाव और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से नव निर्माण इंटर कॉलेज, पिपरा बाजार में आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स उत्तर प्रदेश, जिला संस्था महराजगंज का तीन दिवसीय प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हो गया। शिविर में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से न केवल स्काउटिंग के सिद्धांतों को समझा, बल्कि जीवन की चुनौतियों का सामना करने और जरूरतमंदों की सहायता करने के व्यावहारिक गुर भी सीखे।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को ध्वज शिष्टाचार, टोली व्यवस्था, गांठ बांधने, प्राथमिक उपचार, टेंट निर्माण और कैंपिंग जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रत्येक गतिविधि में भाग लिया और टीम भावना के साथ कार्य करने का अभ्यास किया। शिविर की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने स्वयं भोजन तैयार किया और अतिथियों को परोसकर श्रम के सम्मान, सहयोग तथा सामूहिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। इन गतिविधियों के जरिए उन्हें विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और अपने कार्य स्वयं करने के लिए प्रेरित किया गया।

समापन समारोह में अतिथि अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि स्काउटिंग केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण की महत्वपूर्ण पाठशाला है। यह बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी, सहयोग और समाजसेवा की भावना विकसित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर में सीखे गए गुणों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

शिविर संचालक एएलटी उमेश गुप्ता एवं प्रशिक्षक देवानंद भारती ने कहा कि स्काउटिंग की मूल भावना जरूरतमंदों की सहायता करना, समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना और हर परिस्थिति में सेवा के लिए तत्पर रहना है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रशासक अरुण तिवारी ने शिविर के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर आशुतोष सिंह, पुरुषोत्तम चौधरी, भास्कर सिंह, रमेश कुमार पांडेय, संजय कुमार पटेल, बृजेश कुमार पटेल, ओमप्रकाश मौर्य, अमन उपाध्याय, सुधांशु पांडेय, राजकुमार प्रजापति, पन्नेलाल, रीना गुप्ता, अनुराधा निषाद, सलोनी रावत, ताहिरा खातून, कंचन तिवारी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

4 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed