
रिपोर्ट शाहनूर आलम प्रयागराज मंडल
MD NEWS बहुआयामी समाचार
फतेहपुर । जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और मुख्य चिकित्सा अधिकारी की सख्ती के बाद शुक्रवार को विजयीपुर पीएचसी अधीक्षक डॉ. बृजेश पांडेय की नींद खुल गई। उन्होंने कई अवैध प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। दिन भर चली कार्रवाई में पांच क्लीनिक सील किए गए, जबकि दो स्वास्थ्य केंद्रों को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा गया। किशनपुर में दोबारा खुला इस्माइल डेंटल केयर भी सील कर दिया गया।
बता दें कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और झोलाछाप चिकित्सकों के इलाज को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई तेज की। धाता रोड पर लंबे समय से संचालित मां सरस्वती पॉलीक्लीनिक, वैष्णवी पॉलीक्लीनिक और कामदगिरि पॉलीक्लीनिक को सील कर दिया गया। खखरेरू में तेजमती पॉलीक्लीनिक पर भी कार्रवाई की गई। इसे दो दिन पहले नोटिस जारी किया गया था। वहीं, किशनपुर स्थित इस्माइल डेंटल केयर को भी सील कर दिया गया। यह केंद्र दो दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के दायरे में आया था। गुरुवार को दोबारा खुलने की सूचना के बाद विभाग ने शुक्रवार को इसे सील कर दिया। इसके अलावा खखरेरू स्थित लाइफ केयर पैथोलॉजी और दरियामऊ स्थित अंशुमान प्राइमरी हेल्थ केयर को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। इस मौके पर डॉ भरत सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। पीएचसी अधीक्षक डॉ. बृजेश पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को पांच क्लीनिक और डेंटल केयर केंद्रों को सील किया गया, जबकि दो केंद्रों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्माइल डेंटल केयर को पहले सील नहीं किया गया था, बल्कि नोटिस दिया गया था। दोबारा खुलने की सूचना मिलने पर शुक्रवार को उसे सील करने की कार्रवाई की गई।
