
मुजफ्फरनगर थाना मीरापुर सनातन धर्म इंटर कॉलेज, मीरापुर में शनिवार को साइबर क्राइम जागरूकता, पॉक्सो एक्ट एवं महिला सशक्तिकरण विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, बाल संरक्षण कानून और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एपीके व जिप फाइल डाउनलोड करने तथा किसी के साथ ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी। विशिष्ट अतिथि विशेष लोक अभियोजक दीपक गौतम ने पॉक्सो एक्ट की जानकारी देते हुए कहा कि यह कानून बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा प्रदान करता है। बच्चों की सुरक्षा परिवार, विद्यालय और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) राजीव शर्मा ने साइबर अपराध एवं बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला। विद्यालय प्रबंधक एडवोकेट सिद्धार्थ राजवंशी ने बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में एसएसएस स्कूल मीरापुर की मैनेजर शिखा शर्मा, प्रिंसी आर्य, हिमाक्षी सैनी एवं अनुराधा शर्मा ने महिला सशक्तिकरण पर विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिरुद्ध शारदा ने की तथा संचालन प्रवक्ता अजय पाल ने किया।
