
400 आर्य वीरों ने शस्त्र संचालन और व्यायाम से दिखाया दमखम
वाराणसी। सार्वदेशिक आर्य वीर दल सेवा समिति एवं आर्य समाज रामनगर के संयुक्त तत्वावधान में विजयादशमी पर वीर पर्वोत्सव मनाया गया। रामनगर में आयोजित कार्यक्रम में वाराणसी, चंदौली, मीरजापुर और सोनभद्र के करीब 400 आर्य वीरों एवं वीरांगनाओं ने प्रतिभाग किया। संगीत की धुन पर सर्वांगसुंदर व्यायाम, सूर्य नमस्कार और भूमि नमस्कार के साथ लाठी, भाला, तलवार, लेजिम और गटका का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।
‘हम और हमारा राष्ट्र’ विषयक संगोष्ठी में वक्ताओं ने राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सार्वदेशिक आर्य वीर दल सेवा समिति के अध्यक्ष दिनेश आर्य ने की। पाणिनि कन्या महाविद्यालय की सुश्री अनामिका वेदरत्न ने मंच संचालन किया। व्यायाम शिक्षक अनुज आर्य, गंगा आर्य, राजेश आर्य, आनंद आर्य और सौरभ आर्य ने प्रदर्शन का संचालन किया।
संयोजक अशोक आर्य एवं जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के आर्य वीर अधिष्ठाता हेमंत आर्य ने व्यवस्थाएं संभालीं। भाजपा के मुकुन्द जायसवाल और उषा मौर्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। आर्य वीर दल पूर्वी उत्तर प्रदेश के बौद्धिकाध्यक्ष राकेश वेदालंकार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला आर्य प्रतिनिधि सभा वाराणसी सहित आसपास के सभी आर्य समाजों के सदस्य उपस्थित रहे।
