रामलीला मेले में बाइक चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिलें बरामद

रामनगर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, चोरी की बाइक बिहार ले जाकर बेचने की थी तैयारी; एक आरोपी पर पहले से कई मुकदमे दर्ज

वाराणसी। रामनगर रामलीला मेले के दौरान मोटरसाइकिल चोरी करने वाले दो आरोपियों को रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर-भभुआ निवासी पंकज पासवान (26) और वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र निवासी सलमान अहमद (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आसपास के क्षेत्रों में रेकी कर खड़ी मोटरसाइकिलें चोरी करते थे और उन्हें बिहार ले जाकर बेचने की तैयारी में थे।
पुलिस के मुताबिक, रामनगर थाने में एक शिकायतकर्ता ने लंका मैदान से मोटरसाइकिल चोरी होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर चोरी गए वाहन और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और सुरागरसी के आधार पर 19 अक्टूबर की रात करीब 11:45 बजे ढुंढिराज पुलिया के पास खाली मैदान में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
बिहार ले जाकर बेचने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के इलाकों में घूमकर मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। चोरी के वाहनों को बिहार ले जाने के लिए एक जगह इकट्ठा किया जा रहा था। अधिक संख्या में मोटरसाइकिलें जुटने के बाद उन्हें पिकअप या मैजिक वाहन में लादकर ढक दिया जाता और बिहार ले जाकर ग्राहकों को बेच दिया जाता था। आरोपियों ने पूछताछ में 14 अक्टूबर को रामलीला मैदान से एक मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी बताई है।
तीनों मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा दो अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं, जिनके पंजीकरण नंबर यूपी 63 एजे 2878 और यूपी 61 एक्यू 7155 हैं। मामले में रामनगर थाने पर मु0अ0सं0 0268/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पंकज पासवान के विरुद्ध वाराणसी के कैंट, मंडुवाडीह और शिवपुर थानों में चोरी, चोरी का माल रखने तथा अन्य धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही गिरफ्तारी में भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक अमित कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल पवन कुमार और आलोक वर्मा शामिल रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *