
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने गाय का पूजन कर किया शुभारंभ, पशुपालकों को दी गई पशुओं की देखभाल की जानकारी
छाता (मथुरा)। छाता क्षेत्र के गांव चंदौरी में शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय वृहद आरोग्य पशु शिविर एवं मेले का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने गाय का पूजन कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालक पहुंचे और अपने पशुओं की जांच कराकर निःशुल्क उपचार का लाभ उठाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान हुकम सिंह ने की। इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैभव शर्मा और डॉ. ऋचा शुक्ला विशेष रूप से मौजूद रहे। शिविर में बीमार पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका निःशुल्क इलाज किया गया। साथ ही पशुपालकों को पशुओं को स्वस्थ रखने और बेहतर देखभाल करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कृत्रिम गर्भाधान और टीकाकरण के प्रति किया जागरूक
डॉ. ऋचा शुक्ला ने पशुओं की नस्ल सुधार के लिए कृत्रिम गर्भाधान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पशुओं को विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए समय पर टीकाकरण कराने की आवश्यकता भी बताई।
वहीं, डॉ. वैभव शर्मा ने पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित पशु आहार देने की जानकारी दी। उन्होंने पशुओं की नियमित देखभाल और उचित पोषण पर जोर दिया।
पशुपालकों ने बताया लाभकारी आयोजन
गांव में आयोजित इस शिविर को लेकर पशुपालकों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने शिविर को पशुओं के स्वास्थ्य और पशुपालन संबंधी जानकारी के लिहाज से लाभकारी बताया।
इस दौरान महेश, रूपचंद, राजवीर, लक्ष्मण, संतोष, कन्हैया सहित अन्य ग्रामीण एवं पशुपालक मौजूद रहे।
रिपोर्टर: कैलाश सिंह यदुवंशी
लोकेशन: छाता, मथुरा
