
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, छाता कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की तलाश
छाता (मथुरा)। छाता कोतवाली क्षेत्र में अक्रूर इंटर कॉलेज में पढ़ने वाला 13 वर्षीय छात्र तेजू उर्फ विराज संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। छात्र 22 अक्टूबर की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र तेजू उर्फ विराज मूल रूप से छाता कस्बे के हर नथिया थोक का निवासी है और वर्तमान में दददी गढ़ी में रह रहा है। छात्र के पिता लोकमन ने छाता कोतवाली में दी गई लिखित शिकायत में बताया कि उनका 13 वर्षीय पुत्र 22 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे अक्रूर इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन छात्र का कहीं पता नहीं चल सका।
बेटे के अचानक लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए छाता कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस लापता छात्र की तलाश में जुटी हुई है।
रिपोर्टर: कैलाश सिंह यदुवंशी
लोकेशन: छाता, मथुरा
