सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

छाता (मथुरा)। क्षेत्र पंचायत कार्यालय छाता पर शुक्रवार को विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ। मतदान के दौरान प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए। स्नातक मतदाता वर्ग में 55.8 प्रतिशत तथा शिक्षक मतदाता वर्ग में 44.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान केंद्र पर बूथ संख्या 40 और 70 सहित सभी केंद्रों पर मतदाताओं ने व्यवस्थित तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एडीएम अमरेश सिंह, एसपी ग्रामीण आलोक राज, एसडीएम छाता अखिलेश सिंह, सीओ छाता भूषण वर्मा, कोतवाली प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी और शेरगढ़ के क्राइम इंस्पेक्टर अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी।

मतदाताओं ने की व्यवस्थाओं की सराहना

मतदान करने पहुंचे मतदाताओं ने केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। गांव जलालपुर से स्नातक वर्ग में मतदान करने आए सुरेश चंद्र ने बताया कि मतदान केंद्र पर पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। पहचान पत्रों और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद ही मतदाताओं को अंदर प्रवेश दिया जा रहा था।

वहीं, छाता निवासी कमल किशोर ने भी मतदान व्यवस्था को बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया गया और मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं थी।

सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान

प्रशासन की सतर्कता और पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था सामने नहीं आई। कड़ी निगरानी के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

रिपोर्टर: कैलाश सिंह यदुवंशी
लोकेशन: छाता, मथुरा

5 views

By MD_News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *