
भदऊं चुंगी से नमो घाट तक पीएम मोदी का रोड शो, हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठी काशी
पुलिस लाइन से सड़क मार्ग द्वारा नमो घाट रवाना हुए प्रधानमंत्री, रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ भव्य स्वागत
वाराणसी, 25 अक्टूबर। काशी के सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और काशीवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अरविंद मिल के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे। यहां से वे सड़क मार्ग से नमो घाट के लिए रवाना हुए। उनके यात्रा मार्ग में जगह-जगह लोगों ने ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मार्ग के दोनों ओर लोग खड़े रहे। विभिन्न स्थानों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका अभिनंदन किया गया। कई जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी स्वागत किया गया। काशी की सड़कों पर गूंजते जयघोष और लोगों के उत्साह से वातावरण उत्सवमय हो गया।
भदऊं चुंगी से नमो घाट तक हुआ रोड शो
काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता नवरतन राठी ने बताया कि रास्ते में उमड़े भारी जनसमर्थन और लोगों के उत्साह के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भदऊं चुंगी से नमो घाट तक रोड शो किया। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने हाथ हिलाकर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। लोगों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री ने काफिला रुकवा दिया। वह स्वयं कार के दरवाजे के सहारे खड़े हुए और लोगों का अभिवादन स्वीकार करने लगे। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ के नारे से सम्पूर्ण क्षेत्र गुंजायमान हो गया।जगह-जगह जुटे कार्यकर्ताओं और काशीवासियों ने पुष्पवर्षा तथा पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ उनका स्वागत किया।
रोड शो के दौरान काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान और स्वागत की पारंपरिक झलक देखने को मिली। हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच प्रधानमंत्री का काफिला भदऊं चुंगी से नमो घाट की ओर आगे बढ़ा। इस दौरान लोगों में अपने सांसद एवं प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
