नवजात बच्चे की मौत पर परिजनों का हंगामा, निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

पांच दिन तक भर्ती रखने के बाद वेंटिलेटर पर डालने का आरोप, कार्रवाई और अस्पताल बंद कराने की मांग

वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत भुवनेश्वर नगर कॉलोनी स्थित वैश्णवी क्लिनिक में नवजात बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने, अस्पताल को तत्काल बंद कराने और डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, बच्चे के पिता अश्वनी गुप्ता गोईठाहा, रिंग रोड स्थित बावनबीघा, वाराणसी के निवासी हैं। बच्चे का जन्म सराय काजी में डॉ. मंजू शर्मा के यहां हुआ था। डॉ. मंजू शर्मा ने बच्चे को सांस लेने में परेशानी बताते हुए कुछ दिनों तक आईसीयू में भर्ती रखने की सलाह दी थी। साथ ही उन्होंने बच्चे को भुवनेश्वर नगर कॉलोनी स्थित वैश्णवी क्लिनिक में डॉ. वीके सिंह और डॉ. एके सिंह के यहां ले जाने की सलाह दी।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बच्चे को वैश्णवी क्लिनिक में पांच दिनों तक भर्ती रखा। पांचवें दिन सुबह डॉक्टर ने परिजनों की सहमति लिए बिना बच्चे को वेंटिलेटर पर डाल दिया। इसके बाद डॉक्टर ने परिजनों से बच्चे की परेशानी के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि कुछ देर बाद डॉक्टर ने कई अधिवक्ताओं और एक ब्लॉक प्रमुख को अस्पताल बुलाकर परिजनों पर बच्चे को वहां से ले जाने का दबाव बनाया।
परिजनों के मुताबिक, डॉक्टर ने अधिवक्ताओं के सामने हस्तलिखित कागज देते हुए कहा कि बच्चे के इलाज में जो भी खर्च आएगा, उसे वह मानवता के नाते वहन करेंगे। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर पॉपुलर हॉस्पिटल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन अर्दली बाजार चौकी पहुंचे और हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि अब तक उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। फिलहाल परिजन अर्दली बाजार चौकी पर मौजूद होकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि संबंधित डॉक्टर अस्पताल बंद कर फरार हो गए हैं।
परिजनों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, अस्पताल को तत्काल बंद कराया जाए और जिम्मेदार डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई भी एफ आई आर दर्ज नहीं हुई है

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed