रिपोर्ट-ऋषि राज

‘स्वच्छ ग्राम-शुभ दीपोत्सव’ अभियान से गांव-गांव तक पहुंचेगी सफाई की मुहिम, सभी ग्राम पंचायतों में गठित की गईं विशेष टीमें

सीडीओ योगानंद पांडे ने ओदरहना पहुंचकर परखी अभियान की हकीकत, बोले, हर गांव तक पहुंचे स्वच्छता की रोशनी

लखीमपुर खीरी। दीपावली पर शहरों के साथ गांवों को भी स्वच्छता की रोशनी से जगमगाने की पहल शुरू हो गई है। सीडीओ योगानंद पांडे ने स्वच्छ ग्राम-शुभ दीपोत्सव’ अभियान के जरिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सफाई की विशेष मुहिम छेड़ दी है। इसके तहत गांव-गांव स्वच्छता टीमों का गठन कर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सीडीओ खुद मैदान में उतरकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं, ताकि त्योहार से पहले ग्रामीण क्षेत्रों की गलियां, सार्वजनिक स्थल और आसपास का वातावरण स्वच्छ नजर आए।

इसी क्रम में तहसील और विकासखंड लखीमपुर की ग्राम पंचायत ओदरहना में सीडीओ योगानंद पांडे ने अधिकारियों के साथ पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में चल रहे स्वच्छता कार्यों का जायजा लिया और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

सीडीओ योगानंद पांडे ने कहा कि दीपावली केवल घरों को सजाने और रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने का भी अवसर है। इसी सोच के साथ जिले के सभी गांवों में स्वच्छता टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों के माध्यम से गांव-गांव सफाई अभियान चलाया जा रहा है। हमारा पूरा प्रयास है कि स्वच्छता की यह मुहिम जनपद के प्रत्येक गांव तक पहुंचे और कोई भी ग्राम पंचायत इससे अछूती न रहे।

उन्होंने अधिकारियों को अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों को पूरी गंभीरता से संचालित कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य दीपावली के अवसर पर गांवों को साफ-सुथरा बनाने के साथ ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

4 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *