वाराणसी संवादाता सहायक ब्यूरो सलीम जावेद

वाराणसी। मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के मद्देनजर गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मां अन्नपूर्णा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज से संवाद कर श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की। साथ ही पुलिस प्रशासन और मंदिर प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रवेश एवं निकास मार्गों पर लगातार निगरानी रखने, एकल मार्ग व्यवस्था का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और सादे वस्त्रों में निगरानी बढ़ाने को कहा गया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों, जेबकतरों एवं अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए उनके विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने व्यापारियों एवं दुकानदारों से संवाद कर मंदिर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने, सड़कों एवं गलियों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सतर्क एवं तैयार रहने की अपील की। वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं बच्चों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *