एमडी न्यूज़ बहूआयानी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर तहसील शाहाबाद
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रामपुर (शाहबाद)।थाना शाहबाद क्षेत्र के ग्राम भीतरगांव से बीते दिन रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 6 वर्षीय मासूम शिवांगी का शव गांव के पास स्थित लख्खी बाग में मृत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे इलाके में भारी तनाव व शोक का माहौल है।

घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिल कुमार सिंह सिसोदिया और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनुराग सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और बारीकी से साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। आला अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस टीमों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है।

अंतिम संस्कार के दौरान गायब हुई थी बच्ची
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीतरगांव निवासी विजय प्रजापति पुत्र रामकिशोर के पड़ोस में तोताराम का निधन हो गया था। परिवार के सभी सदस्य अंतिम संस्कार की गतिविधियों में व्यस्त थे। इसी दौरान 04 नवंबर 2026 की दोपहर लगभग 11:00 बजे 5 वर्षीय शिवांगी अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी सुराग न मिलने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई

मामले को गंभीरता से लेते हुए शाहबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। रातभर खोजबीन के बावजूद जब बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा, तो सुबह पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवकी नंदन एवं प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने मौके पर डॉग स्क्वाड की टीम बुलाई। डॉग स्क्वाड की मदद से चलाए गए सघन तलाशी अभियान के दौरान मासूम शिवांगी का शव लख्खी बाग में पड़ा मिला। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिल कुमार सिंह सिसोदिया ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
