
रिपोर्ट कैलाश सिंह यदुवंशी
छाता (मथुरा)। त्योहारों और आम दिनों में ग्राहकों की जेब पर डाका डालने वाले मिठाई विक्रेताओं के खिलाफ बांट-माप विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। कस्बा छाता में मिठाई के साथ डिब्बे का वजन तोलकर ग्राहकों को चूना लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ विभाग ने औचक छापेमारी की कार्रवाई की। बांट-माप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के मिठाई विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र के कई मिठाई विक्रेता मिठाई तोलते समय डिब्बे का वजन घटाने के बजाय उसे मिठाई के भाव में ही तोल रहे हैं। इन शिकायतों का कड़ा संज्ञान लेते हुए बांट-माप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ कस्बे के मुख्य बाजार पहुंचे।
टीम ने अचानक तीन प्रमुख मिठाई दुकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई और तीनों दुकानदार ग्राहकों को डिब्बे के साथ मिठाई तोलते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने मौके पर ही बांट-माप अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की और दुकानदारों के चालान काटे।
हड़कंप का माहौल
जैसे ही छाता बाजार में बांट-माप विभाग की कार्रवाई की खबर फैली, अन्य मिठाई विक्रेताओं में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदार कार्रवाई के डर से अपनी दुकानों के शटर गिराकर मौके से खिसकते नजर आए।
ग्राहकों के अधिकारों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: निरीक्षक
कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए बांट-माप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि नियमों के मुताबिक मिठाई के साथ डिब्बे का वजन तोलना गैरकानूनी है। विक्रेता को डिब्बे का वजन घटाकर ही केवल मिठाई का वजन तोलना अनिवार्य है। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि ग्राहकों के अधिकारों का हनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में भी कोई दुकानदार ऐसी हरकत करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय उपभोक्ताओं और ग्राहकों ने राहत की सांस ली है तथा प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।
