रिपोर्टर आकाश मिश्र
बहुआयामी समाचार
लखीमपुर-मैंगलगंज मार्ग पर बबौना गांव के पास बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे युवक की मौत हो गई। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शुरुआती जांच में युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में उसकी पहचान अखिलेश मिश्रा पुत्र चिरौंजी लाल, निवासी ग्राम ढखिया कुस्तौल, थाना मितौली के रूप में हुई।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, अज्ञात वाहन और चालक की तलाश के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में भैया दूज के त्योहार पर भाई-बहन के मिलन और खुशियों की तैयारी होनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा और बहन का प्यारा भाई हमेशा के लिए इस दुनिया से चला गया। त्योहार के दिन भाई को खोने का दर्द परिवार के लिए कभी न भूलने वाला जख्म बन गया है।इस हृदयविदारक घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
