वाराणसी संवादाता सहायक ब्यूरो सलीम जावेद

मुगलसराय। दीपावली का पर्व खुशियों, प्रेम और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर जहां लोग अपने परिवार और प्रियजनों के साथ त्योहार मनाते हैं, वहीं कुछ बुजुर्ग ऐसे भी हैं, जो अपनों से दूर वृद्धाश्रम में अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इन्हीं बुजुर्गों के बीच खुशियां बांटने और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर निवासी समाजसेवी सद्दाम खान ने जन कल्याण ग्रामोद्योग सेवा आश्रम के अंतर्गत संचालित आसरा ओल्ड एज होम वृद्धाश्रम पहुंचकर दीपावली का पर्व मनाया।

इस दौरान सद्दाम खान ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को मिठाइयां वितरित कीं और उनके साथ समय बिताकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस आत्मीय पहल से बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर सद्दाम खान ने कहा कि दीपावली सिर्फ दीप जलाने और मिठाइयां बांटने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी संदेश देता है। हमें अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंदों, असहायों और बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए। बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान व सेवा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में समाजसेवी सद्दाम खान, अफरोज अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की देखभाल कर रहे अधीक्षक जीशान अहमद, काउंसलर आरिफ अंसारी एवं कोमल खान की भी उपस्थिति रही।

सद्दाम खान की इस सराहनीय पहल ने दीपावली के अवसर पर सामाजिक एकता, मानवता, सेवा और बुजुर्गों के प्रति सम्मान का प्रेरणादायक संदेश दिया।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *