रिपोर्ट – अनुज कुमार, एमडी न्यूज़ प्रयागराज
प्रयागराज। मऊआइमा थाना क्षेत्र के उमरिया सारी मादीपुर गांव में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का चबूतरा तोड़कर प्रतिमा हटाए जाने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जवाब मांगते हुए प्रतिमा को पुनः उसी स्थान पर स्थापित कराने की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और समाज के लोगों का मौके पर जमावड़ा लग गया। मामले की जानकारी मिलने पर रानीगंज के विधायक डॉ. आर.के. वर्मा भी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना है कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल देश की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा हटाए जाने से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सवाल किया कि प्रतिमा हटाने का फैसला किस आधार पर लिया गया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
ग्रामीणों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो तथा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा को पुनः उसी स्थान पर स्थापित कराया जाए।
