रिपोर्टर आकाश मिश्र
बहुआयामी समाचार
मितौली (खीरी), 10 नवम्बर 2026। लखीमपुर खीरी जनपद के मितौली क्षेत्र के अंतर्गत लोहागढ़ स्थित गौशाला में गोवंशों की बदहाल स्थिति और पशुओं की मौत का मामला सामने आया है। गौशाला की स्थिति को लेकर सामने आई तस्वीरों ने गोवंश संरक्षण के लिए की जा रही सरकारी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रदेश सरकार जहां गोवंशों के संरक्षण और भरण-पोषण के लिए लगातार दिशा-निर्देश जारी कर रही है, वहीं लोहाना गौशाला में व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। सवाल उठ रहा है कि गोवंशों के चारा, भूसा, दाना-पानी और देखरेख के लिए आवंटित होने वाली लाखों रुपये की धनराशि का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है?

आखिर ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, खंड विकास अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी क्या है? यदि गौशाला के संचालन के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा रहा है तो गोवंशों को समुचित चारा-पानी और देखभाल क्यों नहीं मिल पा रही है?
मामले को लेकर जिलाधिकारी और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से मांग की जा रही है कि लोहाना गौशाला का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर गोवंशों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जाए। साथ ही पशुओं की मौत के कारणों, चारा-पानी की उपलब्धता, रखरखाव और अब तक आवंटित धनराशि के खर्च की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

यदि जांच में संबंधित कर्मचारियों या जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही अथवा सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि गोवंश संरक्षण के नाम पर खर्च हो रहे सरकारी बजट का लाभ आखिर गोवंशों तक पहुंच भी रहा है या नहीं? प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
