एमडी न्यूज गोंडा रिपोर्टर- अजीत यादव

गोंडा। पंडरी कृपाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत विशुनपुर बैरिया में स्थित सेवा सदन कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान काफी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बताया कि एनएसजी कमांडो मेजर प्रभाकर देव सिंह द्वारा इस कार्यालय पर बैठकर जनहित के कार्य किए जाएंगे। जनता को जो प्रशासनिक दिक्कतें होती हैं, उनका समाधान कराया जाएगा।

बहुत से लोग सरकारी योजनाओं के बारे में नहीं जानते कि कौन सी योजना किसके लिए है। दिव्यांग के लिए कौन सी योजना है, आम किसान के लिए कौन सी योजना है, इस प्रकार की सभी जानकारी मेजर प्रभाकर देव सिंह द्वारा कार्यालय पर बैठकर क्षेत्र के लोगों को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मेजर प्रभाकर देव सिंह अपने अनुभव का लाभ क्षेत्र के पढ़ने वाले बच्चों को भी देंगे। उनका हौसला बढ़ाएंगे और एक्सरसाइज व फिजिकल ट्रेनिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे इस क्षेत्र के बच्चे आगे बढ़ें। पढ़ाई-लिखाई में क्या पढ़ना चाहिए, क्या खेलना चाहिए, एक्सरसाइज कैसे करना चाहिए, इन सब बातों की जानकारी एनएसजी कमांडो द्वारा दी जाएगी। वहीं एनएसजी कमांडो मेजर प्रभाकर देव सिंह ने बताया कि मैं 6 सितंबर को रिटायर होकर अपने पैतृक गांव आया हूं। आज 10 नवंबर है, अभी 2 महीने ही हुए हैं, लेकिन क्षेत्र में समस्याएं बहुत हैं।

गांव में सड़क, बिजली, नाली, साफ पानी की गंभीर समस्या है। साफ पानी न मिलने से छोटे बच्चे टाइफाइड से मर जाते हैं और डेंगू बीमारी से बच्चे व बड़े लोग मारे जा रहे हैं। इसका कारण जागरूकता की कमी है। समय से चेकअप नहीं होता, लोग सामान्य बुखार समझकर पैरासिटामोल खा लेते हैं और जब तबीयत बिगड़ती है तो प्लेटलेट्स डाउन हो जाता है। मेजर ने कहा कि जनता की सेवा करना मेरा पहला कर्तव्य है। सरकार की तमाम योजनाएं चल रही हैं, लेकिन शिक्षा का अभाव, जागरूकता का अभाव और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता में कमी के कारण योजनाएं लोगों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। अगर मुझे मौका मिला तो इन सारी कमियों को दूर करने का काम करूंगा। जब तक शरीर में प्राण है, तब तक जनता की सेवा करता रहूंगा। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र से आए हुए सैकड़ों लोगों का मुंह मीठा कराया गया।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *