रिपोर्ट-सूरज मिश्रा

हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ गई। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम अंटवा के पास पिलर संख्या 317 पर तेज रफ्तार XUV-300 अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। भीषण हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके सात वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डेढ़ वर्षीय दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हरदोई रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रयागराज निवासी सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका उपाध्याय और सात वर्षीय बेटे व्योम उपाध्याय के रूप में हुई है। घायल मासूम की पहचान डेढ़ वर्षीय शिवोम के रूप में हुई है। बताया गया कि सौरभ गौतमबुद्ध नगर की एक निजी आईटी कंपनी में वाइस चेयरमैन के पद पर कार्यरत थे।

वह छठ पूजा के अवसर पर पत्नी और दोनों बेटों के साथ ब्लैक रंग की XUV-300 (UP 16 DM 6279) से अपने पैतृक घर प्रयागराज लौट रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर अंटवा गांव के पास तेज रफ्तार के चलते कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार सौरभ, उनकी पत्नी और बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल छोटे बेटे शिवोम को पुलिस ने तत्काल सीएचसी बिलग्राम पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हरदोई रेफर कर दिया गया। क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रामसूरत सोनकर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा ओवरस्पीड के कारण हुआ है। पुलिस मौके पर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। छठ पूजा पर अपनों के बीच पहुंचने की उम्मीद लेकर निकला परिवार रास्ते में ही काल के गाल में समा गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा है। जिस घर में त्योहार की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा है। हादसे में मां-बाप और बड़े भाई को खोने वाला डेढ़ साल का मासूम अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed