भगवान श्रीचित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था और उल्लास का सैलाब, पांच रथों पर सजीव झांकियों ने मोहा मन

कैबिनेट मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, विधायक सौरभ श्रीवास्तव और महेश चन्द्र श्रीवास्तव ने भगवान श्रीचित्र गुप्त की आरती उतारकर शोभायात्रा का किया शुभारंभ

वाराणसी :- अखिल भारतीय कायस्थ महासभा वाराणसी के तत्वावधान में मंगलवार को विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखने वाले लेखनाधिकारी भगवान श्रीचित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा,भक्ति और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई | गाजे- बाजे,ढोल-नगाड़ों और डमरू की गूंज के बीच भगवान श्रीचित्रगुप्त जी पुष्पसज्जित एवं दीप्तिमान रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले | शोभायात्रा का शुभारंभ जगतगंज स्थित डॉ.सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के दक्षिणी गेट से हुआ |

शोभायात्रा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’,कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महेश चन्द्र श्रीवास्तव,रिबू श्रीवास्तव तथा अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव ने भगवान श्रीचित्रगुप्त की आरती एवं पूजा -अर्चना कर किया | इस दौरान डमरू और शंख वादन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा |

शोभायात्रा संस्कृत विश्वविद्यालय के दक्षिणी गेट से निकलकर रामकटोरा, पिपलानी कटरा तिराहा और लहुराबीर होते हुए पुनः विश्वविद्यालय के दक्षिणी गेट पर पहुंचकर संपन्न हुई | शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण पांच भव्य रथों पर सजी भगवान श्रीचित्रगुप्त,ब्रह्मा, शंकर-पार्वती,राधा-कृष्ण तथा भगवान श्रीचित्रगुप्त जी के परिवार की सजीव झांकियां रहीं | आकर्षक साज-सज्जा से सुसज्जित रथों और मनमोहक झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया |

शोभायात्रा में महिलाओं,पुरुषों और बच्चों की भारी भागीदारी रही | समाज के लोग पारंपरिक परिधान और सिर पर पगड़ी धारण कर उत्साहपूर्वक शामिल हुए रास्ते भर भगवान श्रीचित्रगुप्त के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा | जगह-जगह छतों से श्रद्धालुओं ने गुलाब की पंखुड़ियों की पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया | बैंड-बाजे,ढोल और डमरू की धुन पर लोग भजनों के साथ झूमते नजर आए, जगह-जगह प्रसाद वितरण भी किया गया |

इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष डाक्टर मुकेश श्रीवास्तव ने भगवान श्रीचित्रगुप्त की महिमा बताते हुए कहा कि उनकी पूजा-अर्चना से विद्या,बुद्धि, आर्थिक उन्नति और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है साथ ही धर्म एवं न्याय की रक्षा तथा उत्तम लोक की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है |

महासभा के जिलाध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन वाराणसी की सांस्कृतिक शोभा बढ़ाने के साथ ही समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं इन आयोजनों की विशेषता यह है कि इसमें सभी जाति और वर्ग के लोग उत्साहपूर्वक सम्मिलित होते हैं |

शोभायात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री रविन्द्र जायसवाल,कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव,एमएलसी आशुतोष सिन्हा,रिबू श्रीवास्तव,महेश चन्द्र श्रीवास्तव,अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज कुमार श्रीवास्तव,राघवेन्द्र चौबे,डॉ.आनंद,अधिवक्ता कौशिक कुमार, अधिवक्ता शुभम सेठ,ईशान श्रीवास्तव, अभिषेक निगम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए | इसके अलावा भाजपा महानगर की टीम से अमित खरे,मंत्री महानगर,सत्येंद्र सिंह, उपाध्यक्ष महानगर,मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय,रोहित जायसवाल,अवनीश गुप्ता,अनुराग शर्मा,प्रिंस द्विवेदी,विनय सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे |

कार्यक्रम में अनिल श्रीवास्तव,रमन श्रीवास्तव,शैलेन्द्र श्रीवास्तव ‘मुन्ना’,अमन श्रीवास्तव,मनोज श्रीवास्तव (सेंट मरियम स्कूल),मनोज श्रीवास्तव,मुकेश सहारा, आशीष श्रीवास्तव,रजनीकांत श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, हिमांशु श्रीवास्तव,रितेश श्रीवास्तव,शत्रुराज श्रीवास्तव,अजय श्रीवास्तव,रंजना श्रीवास्तव,निन्दिया श्रीवास्तव,माधवी श्रीवास्तव,काजल श्रीवास्तव,डॉ.जया श्रीवास्तव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि,समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे |

शोभायात्रा के समापन स्थल पर आयोजन में विशेष योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया पूरी शोभायात्रा का नेतृत्व अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की टीम ने किया | अंत में जिलाध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट ने सभी अतिथियों,पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया ||

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed