
अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने भटनी-छपरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर सीवान एवं छपरा जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का लिया जायजा
वाराणसी, छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ के दृष्टिगत सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर विनोद कुमार शुक्ल ने आज 11 नवम्बर, 2026 को अपर मंडल रेल प्रबंधक (आपरेशन) अशोक कुमार वर्मा के साथ भटनी-छपरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीवान एवं छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने रेलखंड में रेलवे ट्रैक की स्थिति, रेलपथ अनुरक्षण, सिग्नल व्यवस्था, समपार फाटकों, पुल-पुलियों, ओवरहेड विद्युत उपकरणों, स्टेशन यार्ड एवं रेल परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने रेलपथ एवं रेलवे परिसरों में संरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
सीवान जंक्शन पर निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने प्लेटफार्मों, यात्री आश्रय केंद्र, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पैदल उपरिगामी पुल, लिफ्ट, स्वचालित सीढ़ियों, प्रतीक्षालय, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए उन्होंने पर्याप्त बैरिकेडिंग, यात्रियों के सुव्यवस्थित आवागमन, हेल्प डेस्क, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा एवं ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान की नियमित उद्घोषणा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सीवान जंक्शन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।
इसके पश्चात अपर महाप्रबंधक ने छपरा जंक्शन का निरीक्षण कर वहां यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं रेल परिचालन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्लेटफार्मों, यात्री आश्रय केंद्र, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पैदल उपरिगामी पुल, स्वचालित सीढ़ियों, लिफ्ट, प्रतीक्षालय, वाटर बूथ, फूड स्टॉल एवं सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने संभावित अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर प्लेटफार्मों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने, प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने तथा टिकट काउंटरों पर यात्रियों के लिए सुव्यवस्थित कतारें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर महाप्रबंधक ने छपरा जंक्शन के सेकेंड एंट्री परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा प्रतीक्षालय को शीघ्र यात्रियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। छठ महापर्व के दौरान प्लेटफार्म संख्या-01 पर यात्रियों के दबाव को कम करने के उद्देश्य से उन्होंने प्लेटफार्म संख्या-08 पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने एवं भीड़ नियंत्रण के समुचित प्रबंध करने को कहा।
अपर महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा स्टेशन परिसर में तैनात कर्मचारी यात्रियों की सहायता के लिए तत्पर रहें। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (आपरेशन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत(आपरेशन) अजय कुमार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर गोपाल दास गुप्ता सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित थे।
