एमडी न्यूज गोंडा रिपोर्टर – अजीत यादव

गोण्डा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय गोंडा द्वारा विधानसभा क्षेत्र गोंडा सदर के लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला दिनांक 17 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोंडा में आयोजित होगा। इस मेले में निजी क्षेत्र की 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। मेले में युवाओं के लिए 1000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती के मौके उपलब्ध होंगे।
साक्षात्कार में सफल अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट करने के उपरांत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रतीक भूषण सिंह विधायक गोंडा सदर द्वारा चयनित युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किया जाएगा। इस रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष तक के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। शैक्षिक योग्यता के अंतर्गत हाई स्कूल, इंटर, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएट के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। विशेष बात यह है कि यह रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है। रजिस्ट्रेशन, प्रतिभाग या नौकरी के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। स्वरोजगार का भी मिलेगा मौका, इसके साथ ही इस आयोजन में युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकारी बैंक, उद्योग, खादी, खाद्य प्रसंस्करण विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे इच्छुक अभ्यर्थी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं में लोन और सब्सिडी का लाभ प्राप्त कर स्वयं का रोजगार आरंभ कर सकें। सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गोंडा प्रिया गौतम ने युवाओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस निःशुल्क रोजगार मेले का लाभ उठाएं।
कैसे करें रजिस्ट्रेशन –
उत्तर प्रदेश सरकार के सेवायोजनविभाग के http://rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए सेवायोजन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 155330 पर संपर्क करें।
