वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किए बड़े प्रशासनिक फेरबदल, रविकान्त मलिक को मिली थाना सिंधौरा की कमान।

MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले) मुजफ्फरनगर
बुढ़ाना, जनपद मुज़फ्फरनगर | दिनांक: 13 नवंबर 2026
जनपद मुज़फ्फरनगर के कस्बा बुढ़ाना के लिए गर्व और खुशी की खबर सामने आई है। बुढ़ाना निवासी ओमपाल मलिक के पुत्र उपनिरीक्षक रविकान्त मलिक को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में थाना प्रभारी सिंधौरा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी इस नई नियुक्ति से बुढ़ाना क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा दिनांक 12 नवंबर 2026 को सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि थानाध्यक्षों के कार्यों का मूल्यांकन जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर किया जाएगा। लापरवाही एवं निष्क्रियता बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
इसी क्रम में IGRS रैंकिंग में प्रदेश के अंतिम 10 थानों में स्थान प्राप्त करने के कारण प्रभारी निरीक्षक बड़ागाँव प्रवीण कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत तीन अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया। इसमें उपनिरीक्षक रविकान्त मलिक, जो पूर्व में थाना कैंट में तैनात थे, उन्हें थानाध्यक्ष सिंधौरा बनाया गया है। वहीं सिंधौरा के थानाध्यक्ष पंकज कुमार पाण्डेय को थानाध्यक्ष बड़ागाँव की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि IGRS एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक निस्तारण किया जाए। जांच केवल औपचारिकता न हो, बल्कि तथ्यों पर आधारित और स्पष्ट होनी चाहिए।
बुढ़ाना के लिए गौरव की बात
बुढ़ाना निवासी रविकान्त मलिक को वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण पुलिस कमिश्नरेट में थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिलना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। स्थानीय लोगों एवं शुभचिंतकों ने उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ करेंगे।
MD NEWS परिवार की ओर से रविकान्त मलिक को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं।
