रिपोर्ट-पवन कुमार

टीम बनाकर मौके पर जांच कराने और समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण करने के दिए निर्देश।

लखीमपुर खीरी। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को कोतवाली सदर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान थाने पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले प्रत्येक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लिया जाए।

शिकायतों के निस्तारण के लिए पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर जांच कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी मामलों का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें। शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर भी जोर दिया। इस दौरान जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल के थानों पर मौजूद रहे। कोतवाली सदर समेत जिले के अन्य थानों में भी थाना समाधान दिवस आयोजित कर लोगों की शिकायतें सुनी गईं और उनके निस्तारण की कार्रवाई की गई।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *