रिपोर्ट-संदीप धुरिया
जालौन। जनसमस्याओं की सुनवाई और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने कालपी पहुंचे झांसी मंडलायुक्त आईएएस कृष्ण कुमार ने अवैध खनन और ओवरलोडिंग के मुद्दे पर अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम विनय कुमार मौर्य को जमकर फटकार लगाई और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कालपी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनशिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी दौरान अवैध खनन और ओवरलोडिंग का मामला सामने आने पर मंडलायुक्त एसडीएम के जवाब से संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए दो टूक कहा, “कहानी न सुनाओ हमें यार, अभी चेक करने चले जाएंगे तो तुम कहीं और मिलोगे।”
मंडलायुक्त की इस सख्ती का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने एसडीएम को अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर जालौन के पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त की सख्ती के बाद अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक महकमे में चर्चा तेज हो गई है।
