रिपोर्ट संदीप धुरिया
जालौन। कोतवाली क्षेत्र के पहलवान बाड़ा मोहल्ले में वाहन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक महिला समेत चार लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पीड़ित महिला ने मारपीट के दौरान सोने की मनचली और मंगलसूत्र गायब होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
मामले में पहलवान बाड़ा निवासी रजनी पत्नी राजू ने कोतवाली जालौन में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 की शाम करीब सात बजे वाहिद पुत्र शाकिर, नासिर, बासूद, आशू सहित तीन अज्ञात लोग रास्ते में पहुंचे। आरोप है कि वाहन को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते गाली-गलौज होने लगी।
रजनी का आरोप है कि विरोध करने पर नामजद लोगों और उनके साथ आए अन्य व्यक्तियों ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिला समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता ने यह भी शिकायत की है कि घटना के दौरान उसकी सोने की मनचली और मंगलसूत्र गायब हो गए।
पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


